इन दिनों सर्दियों में बनाएं मक्का के पराठे( Makka Parathe Recipe in hindi)
मक्का के पराठे खाने में बेहद स्वादिष्ट लगते हैं। इन्हें आप सर्दियों में अपने पसंद की किसी भी सब्जी के साथ खा सकते हैं।
इन्हें बनाना बेहद आसान है और बनाने में समय भी काफी कम लगता है। तो आइये आज मक्का के पराठे बनाएं।
![]() |
photo credit - google |
आवश्यक सामग्री:
◆मक्का का आटा - 200 ग्राम (1.1/2 कप)
◆गेहूँ का आटा - 65 ग्राम (1/2 कप)
◆जीरा - 1/2 छोटी चम्मच (यदि आप चाहें)
◆तेल - पराठे सेकने के लिये
◆नमक - स्वादानुसार (1/2 छोटी चम्मच)
ऐसे बनाएं मक्का के पराठे (How to make Maize Parathe in Home) :
एक बर्तन में मक्का व गेहूँ का आटा छान कर आटे में 2 छोटी चम्मच तेल,जीरा व नमक मिलाइये और गरम पानी की सहायता से नरम आटा गूथ कर आधे घंटे के लिये ढककर रख दीजिये ताकि आटा अच्छी तरह से सैट हो जाए। आधे घंटे बाद आटे को मसल-मसल कर थोड़ा और नरम कर लीजिये।
अब तवा गर्म कीजिये और आटे में से थोड़ा सा आटा लेकर गोल लोई बना लीजिये। लोई को हथेलियों से दबा कर बढाइये और गेहूँ के आटे के पलोथन में लपेट कर बेलन से 4 इंच के व्यास में बेल लीजिये।
अब इस बिले हुए पराठे पर थोड़ा सा तेल लगा कर पराठे को अर्धचंद्राकार मोड़ दीजिये और फिर से इस पर तेल लगा कर त्रिभुज आकार में मोड़ दीजिये। अब इसे हथेली से दबा कर पलोथन में लपेटिये और पतला बेल कर तवे पर डाल दीजिये। पराठे पर तेल लगाकर पलट पलट कर दोनों ओर से ब्राउन होने तक सेकिये और बाकी सारे पराठे भी इसी तरह बना लीजिये।
गरमा गरम मक्का के पराठे तैयार है। अब इन्हें किसी प्लेट में निकालिये और दही,रायता, आलू टमाटर की सब्जी, आलू गोभी की सब्जी, चटनी या फिर अपने पसंद की किसी भी सब्जी के साथ परोस कर खाइये।
स्पेशल टिप्स :
आप चाहें तो मक्का के गोल पराठे भी बना सकते हैं।